मजदूरी कर वापस घर लौट रहे युवक हादसे का शिकार हो गए, झिरपा से निकले इन युवकों को बेलगाम रफ्तार से भाग रहे वाहन चालक ने पहियों तले रौंद दिया। इस वाहन की टक्कर के बाद बाईक में सवार एक युवक उछला और साइन बोर्ड से टकरा गया, इस हादसे में उसकी गर्दन तक कट गई। इसके बाद तीनों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी में पुलिस ने बताया कि तामिया के तुमड़ी निवासी 19 वर्षीय माखन पिता बिरजू सरेयाम नामक युवक अपने दो अन्य साथियों के साथ पौधे रोपने की मजदूरी करने के लिए झिरपा गए थे। काम खत्म करने के बाद तीनों एक मोटर साइकिल पर सवार होकर वापस अपने गांव आ रहे थे, जब वो झिरपा से आगे आए ही थे कि तेज रफ्तार से भाग रहे अज्ञात वाहन चालक ने उनकी मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में घायल तीनों युवकों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया, जहां गर्दन कटने और सिर पर चोट लगने की वजह से खून अधिक बहने के कारण डाक्टरों ने माखन को मृत घोषित कर दिया, जबकि शेष दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने मौत के बाद माखन के शव का पोस्टमार्टम करा लिया है जबकि प्रकरण में मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।