सावन के महीने में परंपरा अनुसार आसपास के ग्रामीण क्षेत्र से कलश यात्रा निकालकर प्रसिद्ध बाबा बैजनाथ महादेव का जलाभिषेक किया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को शहर से 25 किलोमीटर दूर उज्जैन रोड पर स्थित उज्जैन जिले के ग्राम पाट से सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष कलश यात्रा लेकर बाबा बैजनाथ महादेव के दरबार पहुंचे। यात्रा बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर पहुंची और महादेव का जलाभिषेक किया। कलश यात्रा सुबह 8 बजे ग्राम पाट के श्रीराम मंदिर से प्रारंभ हुई। बैंड बाजों की धार्मिक धुनों पर पैदल यात्रा में शामिल सैकड़ों महिला-पुरुष भक्ति में चूर नाचते झुमते दिखाई दिए। यात्रा का स्थान स्थान पर धर्म प्रेमी जनता ने पुष्प वर्षा कर स्वागत भी किया। यात्रा के दौरान महिलाएं सर पर कलश धारण किए चल रही थी।